रामपुर। लोक निर्माण विभाग की ओर से बाढ़ की वजह से कटी हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके वर्मा ने बताया कि सड़कों की मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही सभी सड़कों पर यातायात शुरू हो जाएगा।
बाढ़ की वजह से जिले के ग्रामीण इलाकों की सड़कों की हालत खस्ता हो गई है। जिले में 50 से अधिक सड़कें बाढ़ के बहाव के कारण कट चुकी हैं। लिहाजा, अब सड़कों से पानी उतरने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों की मरम्मत शुुरू करा दी गई है। रविवार को रामपुर-स्वार मार्ग खेमपुर तक जाने वाली सड़क पर मरम्मत का कार्य चला। जेसीबी से सड़क को समतल किया गया। वहीं, प्रानपुर रोड पर जिलाधिकारी के प्रयासों से लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। मिट्टी का कार्य व कट्टे लगाकर संपर्क मार्ग की मरम्मत कराई जा रही है। जिला पंचायत सदस्य एवं जल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मुस्तफा हुसैन प्रानपुर रोड पहुंचे और कार्य का जायजा लिया।