शासन की ओर से प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति देने के आदेश जारी होने के बाद भी उन्हें मौलिक नियुक्ति नहीं दी जा रही है। इससे प्रशिक्षु शिक्षकों में आक्रोश है। उन्होंने बीएसए दफ्तर पहुंचकर इसको लेकर प्रदर्शन किया और फिर बीएसए से मुलाकात कर उक्त मांग को पूरा कराने की मांग रखी। बीएसए ने जल्द ही इस मुद्दे पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
प्रशिक्षु शिक्षकों की परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है। इसके साथ ही तीन दिन पहले शासन की ओर से प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति देने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति देने में सुस्ती बरत रहा है,जिसकी वजह से प्रशिक्षु शिक्षक परेशान हैं।
शासन से आदेश जारी होने के बाद भी नियुक्ति न मिलने से नाराज प्रशिक्षु शिक्षकों ने शुक्रवार को बीएसए दफ्तर पहुंचकर नारेबाजी की। यहां बीएसए से बाद में मुलाकात भी की। इसके बाद उन्होंने बीएसए को ज्ञापन दिया,जिसमें उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति देने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मौलिक नियुक्ति के लिए प्रशिक्षु शिक्षकों को लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है। यदि जल्द ही प्रशिक्षु शिक्षकों को मौलिक नियुक्ति नहीं दी गई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान बीएसए एसके तिवारी ने जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया को शुरू करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर संतोष प्रसाद, सुधीश शर्मा, संदीप वर्मा, हरिओम शर्मा, शहजाद हुसैन, वैशाली गुप्ता, दीप शिखा, भवावना, राजकुमार तोमर, सचिन कुमार, हरिभान मौर्य आदि मौजूद रहे।