रामपुर। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की जानकारी हासिल करने के लिए यात्रियों को अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। स्टेशन पर पूछताछ काउंटर की व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए नई बिल्डिंग में इसका संचालन शुरू कर दिया गया है। यहां अब यात्रियों को 24 घंटे ट्रेनों के आने-जाने और उनके समय से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी। संचालन की जिम्मेदारी बरेली की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी की ओर से कर्मचारी की तैनाती की जाएगी, जो शिफ्ट के अनुसार 24 घंटे यात्रियों की पूछताछ का जवाब देगा।
दरअसल, रामपुर रेलवे स्टेशन पर अभी तक पूछताछ काउंटर की व्यवस्था व्यवस्थित नहीं थी। रेलवे स्टाफ की कमी के चलते यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी हासिल करने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार पूछताछ काउंटर पर कर्मचारी मौजूद नहीं मिलते थे। ऐसे में यात्रियों को कभी टिकट विंडो तो कभी स्टेशन पर मौजूद दूसरे कर्मचारियों के पास जाकर ट्रेन के समय और उसकी आवाजाही के बारे में जानकारी करनी पड़ती थी। कई बार सही जानकारी नहीं मिलने से यात्रियों को असुविधा होती थी। खासकर दूसरे शहरों से आने वाले यात्रियों, बुजुर्गों और परिवार के साथ सफर करने वालों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती थी।
अब रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग में बुकिंग विंडो के साथ पूछताछ काउंटर भी शुरू कर दिया गया है। पहले बुकिंग विंडो को नई बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद अब पूछताछ काउंटर को भी इसी भवन में व्यवस्थित किया गया है। इसके संचालन का ठेका बरेली की कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला है। कंपनी की ओर से यहां कर्मचारी की तैनाती की जाएगी। कर्मचारी चौबीस घंटे उपलब्ध रहेगा, ताकि दिन हो या रात किसी भी समय ट्रेन से संबंधित जानकारी लेने के लिए पहुंचने वाले यात्रियों को निराश होकर वापस न लौटना पड़े। त्योहारों का सीजन होने के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। दिवाली और छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और दूसरे शहरों की ओर सफर करते हैं। पूछताछ काउंटर पर कर्मचारी की नियमित उपलब्धता से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।