रामपुर में बुधवार को होली के मद्देनजर ट्रेनों में उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
होली पर बुधवार को भी ट्रेन और बसों में यात्रियों की खासी भीड़ रही। बुधवार से अवकाश शुरू होने के कारण अधिकतर लोग मंगलवार रात से ही गृह जनपदों के लिए रवाना होने शुरू हो गए। वहीं, कई लोग बुुधवार की सुबह को भी निकले। इससे मंगलवार रात से लेकर बुधवार तक ट्रेन और बसों में काफी भीड़ रही। ट्रेनों में भीड़ का आलम यह था कि कोच में चढ़ने तक में लोगों के पसीने छूट गए।
स्लीपर कोच तो भीड़ के चलते जनरल कोच में तब्दील हो गए। रोडवेज डिपो से भी मंगलवार व बुधवार को सबसे अधिक बसें दिल्ली-बरेली व दिल्ली-लखनऊ रूट पर ही संचालित की गईं। बसों में मंगलवार रात व बुधवार को सुबह तक ही काफी भीड़ रही। त्योहार पर जीआरपी ने सुबह से लेकर रात तक लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जीआरपी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान आला हजरत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस, गोवाहटी एक्सप्रेस, पंजाब मेल, काठगोदाम-रामनगर पैसेंजर ट्रेनों में चेकिंग की गई। इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक, दो व तीन और टिकट घर में भी चेकिंग की गई।