रामपुर मे बुधवार रात होलिका दहन का दृश्य।
- फोटो : अमर उजाला
होलिका दहन और पूजन के साथ ही पूरे जिले में होली का खुमार छा गया। बच्चों और युवाओं की टोलियां होली के हुड़दंग में डूब गईं। होली के गीतों पर डांस के साथ युवाओं ने होली का आनंद उठाया तो बच्चों ने होलिका दहन से पहले ही होली खेलना शुरू कर दिया। बुधवार को होलिका पूजन के बाद होली के रंग हवा में घुलने लगे। घर के बुजुर्गों और बड़ों ने होलिका पर पहुंच कर रोली, गुलाल, अक्षत, पान, बतासे, गुझिया, बलगुरिया, गंगाजल, पुष्प, गन्ना, गेहूं की बाली समेत अन्य पूजन सामग्री के साथ होलिका पूजन किया।
वहीं बच्चों ने दिनभर होली का आनंद उठाया। कोई पिचकारी लिए तो कोई हाथों में रंग घोले एक-दूसरे को रंग लगाता नजर आया। बच्चों ने जमकर मस्ती की और होली खेली। होली की मस्ती में युवा भी पीछे नहीं रहे। कई कार्यालयों में कर्मचारियों ने बुधवार को होली खेली। वहीं, मिलक, स्वार, मसवासी, शाहबाद, बिलासपुर में होली पर बाजार में रौनक रही।
ग्राहकों ने रंग, गुलाल तथा पिचकारी खरीदी। पूजा सामग्री में प्रयुक्त होने वाले जौ और गन्ना को खरीदने के लिए ग्राहकों की भीड़ रही। बिलासपुर में पंडित नरेश शर्मा ने मोहल्ला साहूकारा, शांति कालौनी, आनंदनगर, लक्ष्मीनगर आदि मोहल्लों में होली जलाई।