फर्जी कामर्शियल फर्में बनाकर तिजारत करने वालों की पोल खुलने लगीहै। वाणिज्य कर विभाग ने रिटर्न जमा न करने पर 150 व्यापारियों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया। जबकि, 1244 व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया है। रिटर्न जमा करने के लिए सप्ताह भर की मोहलत दी गई है। इसके बाद इन व्यापारियों का भी रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वाणिज्य कर विभाग में पंजीकृत जिन व्यापारियों का सालाना एक करोड़ से अधिक का टर्न-ओवर हैं उन्हें मासिक रिटर्न जमा करना होता है। जबकि, जिनका एक करोड़ से कम टर्न-ओवर है उन्हें तिमाही रिटर्न जमा करना होगा। लेकिन 1039 व्यापारियों ने अप्रैल से लेकर दिसंबर 2016 और 115 व्यापारियों ने मासिक रिटर्न जमा नहीं किया है। ऐसे व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रिटर्न जमा करने के लिए 1244 व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें सप्ताह भर की मोहलत दी गई है।
रिटर्न जमा न करने पर 150 व्यापारियों पर कार्रवाई की गई है। उनका रजिस्ट्रेशन निलंबित कर कर दिया गया। नोटिस का संतुष्ट जवाब न मिलने पर व्यापारियों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया जाएगा। इसी तरह 1244 व्यापारियों का रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अगर सप्ताह भर में रिटर्न जमा नहीं किया तो इनका भी रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया जाएगा। बताया गया है कि रिटर्न दाखिल न करने वालों में से अधिकांश व्यापारिक फर्में फर्जी हैं। सैकड़ों और कार्रवाई की जद में हैं।