घायलों को निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती, एसडीएम कराएंगे मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र की चड्ढा पेपर मिल के प्लांट नंबर दो का टिनशेड मंगलवार रात अचानक गिर गया। टिनशेड के नीचे दबकर छह मजदूर घायल हो गए। घायलों को रात में ही उत्तराखंड बॉर्डर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रबंधन ने इसे हादसा बताया है, जबकि एसडीएम अरुण कुमार ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताते हुए जांच कराने की बात कही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया खुर्द स्थित चड्ढा पेपर मिल में मंगलवार की रात प्लांट नंबर दो में करीब 35 मजदूर काम कर रहे थे। रात करीब 8:15 बजे प्लांट का टिनशेड अचानक गिर गया। हादसे के समय छह मजदूर टिनशेड के अंदर काम कर रहे थे। हादसे के बाद जिला बरेली के थाना मीरगंज के गांव धोबी घाट निवासी मोरध्वज, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के कालागढ़ निवासी पंकज पाल, बिजनौर जिले के कस्बा चांदपुर निवासी लोकेंद्र कुमार, शहजाद नगर थाना क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा निपानिया निवासी संजीव कुमार, मुरादाबाद जिले के थाना भगतपुर के गांव दूधवाला निवासी प्रेमपाल और तोताराम टिनशेड के नीचे दब गए।
कंपनी के प्रबंधक इंद्रेश शर्मा समेत कंपनी के अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। इंद्रेश शर्मा ने बताया कि संभवतः किसी नट-बोल्ट के ढीले होने से टिनशेड गिरा है। हादसे में छह लोग घायल हुए थे, जो अब स्वस्थ हैं और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। उन्होंने फैक्टरी को काफी नुकसान होने का अनुमान जताया। वहीं, कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई।
कोट
मुझे घटना की जानकारी नहीं है। टिनशेड गिरने की घटना गंभीर है। मैं स्वयं मौके पर पहुंचकर जानकारी लूंगा और घटना की जांच भी कराई जाएगी। ताकि, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा सके। -अरुण कुमार, एसडीएम, बिलासपुर