डीएफओ संभल और डीएफओ रामपुर ने मौके पर पहुंचकर की जांच, किसान ने की थी शिकायत, नियुक्त की गई जांच टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। रामपुर रेंज कार्यालय से पेड़ काटने के मामले में डीएफओ संभल और डीएफओ रामपुर ने जांच शुरू कर दी है। डीएफओ संभल ने डिप्टी रेंजर से पूछताछ की और मौका मुआयना भी किया।
एक किसान ने नगर क्षेत्र डिप्टी रेंजर पर गंभीर आरोप लगाते हुए वन संरक्षक को शिकायत भेजी थी। इसमें आरोप लगाया था कि डिप्टी रेंजर ने खैर से भरी एक ट्रॉली पकड़ी थी, जिसे पैसे लेकर छोड़ दिया गया। इसके अलावा आरोप लगाया था कि रामपुर रेंज कार्यालय के बराबर से स्थित क्रोकोडाइल पार्क से भारी मात्रा में शीशम, जामुन, नीम आदि के पेड़ थे जो कि लकड़ी माफिया ने वन विभाग की मिलीभगत से सफाई के नाम पर काट लिए। आरोप लगाया कि इस पार्क से कटे पेड़ों का न तो कोई टेंडर हुआ और न ही कोई नीलामी कराई गई।
इस मामले में वन संरक्षक मुरादाबाद ने डीएफओ संभल प्रीति यादव की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की। जांच कमेटी ने बुधवार को रामपुर पहुंचकर इसकी जांच शुरू कर दी है। डीएफओ रामपुर प्रणव जैन ने बताया कि किसान की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। इसके लिए डीएफओ संभल ने भी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की है, जिसकी अभी जांच चल रही है। जांच के बाद रिपोर्ट वन संरक्षण को सौंप दी जाएगी।