शाहबाद। मिलक गुलाम अली निवासी लकड़ी ठेकेदार राहुल (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन कोतवाल के पहुंचने पर जाम खुलवा दिया गया। अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
राहुल लकड़ी के ठेकेदार थे और परिवार का पालन-पोषण इसी से करते थे। शुक्रवार रात 7:30 बजे राहुल बाइक से शाहबाद की ओर आ रहे थे। इस दौरान लकड़ी से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे चल रही थी। राहुल के मौसेरे भाई कमल सिंह ने बताया कि आंवला रोड स्थित रमपुरा गांव के पास सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि सिर बुरी तरह कुचल गया।
सड़क पर खून देखकर ट्रैक्टर पर सवार लोग और सूचना पर पहुंचे परिवार के लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना के बाद कोतवाल धनंजय सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। जाम लगा रहे लोगों को समझाकर उन्होंने जाम खुलवाया।
अचानक हुई मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी पूजा, बेटे सागर और राघव को छोड़ गए हैं। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।