रामपुर/शाहबाद। पंचायत चुनाव में ड्यूटी कटवाने के लिए कई कर्मचारी तो आखिरी वक्त तक अफसरों से गुहार लगाते रहे। कोई अपने बच्चों के साथ पहुंचा, तो कोई अपनी अन्य समस्या लेकर पहुंचा। इसमें कुछ लोगों की ड्यूटियां तो कट भी गईं, लेकिन जिन लोगों की ड्यूटियां नहीं कटीं उन्हें मजबूरन अपनी मतदान सामग्री लेकर बूथ के लिए रवाना होना पड़ा।
मंडी समिति में कर्मचारियों के पहुंचने का सिलसिला तो सुबह से ही शुरू हो गया था, लेकिन कुछ कर्मचारी तो अपनी ड्यूटी कटवाने की आस में मंडी समिति आ गए। महिलाओं की गोद में छोटे-छोटे बच्चे थे, तो कोई अपनी बीमारी और अन्य समस्याओं का हवाला देते हुए ड्यूटी कटवाने की गुहार लगाता रहा। इस दौरान ड्यूटी कटवाने में लगे कर्मचारियों की लंबी कतार लग गई। हालांकि, अफसरों ने सिर्फ जायज दिक्कत वाले कर्मचारी की ही ड्यूटी काटी और उनके स्थान पर रिजर्व में लगे कर्मचारियों को चुनाव सामग्री लेकर बूथ पर भेज दिया। वहीं, शाहबाद में भी कई महिलाएं एसडीएम से जाकर मिलीं और अपनी समस्या को बताया, जिस पर एसडीएम के तेवर तल्ख हो गए। एसडीएम ने कई महिलाओं को फटकार भी लगा दी। संवाद