टांडा। नगर के मंसब अली स्पोर्ट स्टेडियम में चल रहे खान कप फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टाइगर क्लब ने झील क्लब को 2–0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
खान कमेटी द्वारा आयोजित टूर्नामेंट में बुधवार को हुए मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने जोरदार आक्रमण किए। खेल के 15वें मिनट में टाइगर क्लब के खिलाड़ी मो. सऊद ने पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हाफ टाइम तक स्कोर 1–0 रहा। दूसरे हाफ में टाइगर क्लब के खिलाड़ी अजहर ने शानदार गोल कर टीम की बढ़त को 2–0 कर दिया। इसी अंतर से मैच समाप्त हुआ और टाइगर क्लब ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को टाइगर क्लब और यूनाइटेड क्लब के बीच खेला जाएगा। मैच का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार टाइगर क्लब के मो सऊद को पूर्व खिलाड़ी रिजवान कुरैशी ने प्रदान किया। मैच रेफरी सगीर गुड्डू रहे, जबकि लाइन मैन की भूमिका ज़ुबैर आलम और जैद ने निभाई।
कमेंट्री की जिम्मेदारी मुहम्मद सईद सागर, जहीर ज़िया और वसीम अकरम ने संभाली। इस मौके पर आयोजक मो. दाऊद, सगीर गुड्डू, शहाबुद्दीन, राहत अली, जुबैर आलम, ताहिर बफन, महफूज मुन्ना, हाजी मुबीन, शमशुज्जुहा, कारी रिजवान मौजूद रहे।