बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घायल महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्वार क्षेत्र के मसवासी निवासी राजेंद्र सिंह तोमर शुक्रवार दोपहर पत्नी कविता और बेटी रागिनी के साथ बाइक से केमरी स्थित अपनी ससुराल में राखी लेकर जा रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर-स्वार रोड स्थित गोविंदपुरा मोड़ के पास पीछे से आ रहे कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि महिला को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं, सीओ हर्षिता सिंह ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है।