टांडा। नगर के मोहल्ला आजाद नगर में पुलिस ने शनिवार को अवैध रूप से पशु का वध करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने करीब डेढ़ क्विंटल मांस, पशु अवशेष तथा वध में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, दो छुरी, रस्सा और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक ऋषभ पुण्डीर सिपाहियों के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला आजाद नगर में जाहिद के घर में कुछ लोग पशु काट रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान में दबिश दी। पुलिस ने देखा कि मकान के बरामदे में तीन लोग पशु के मांस के टुकड़े कर रहे थे। मौके से गुफरान निवासी मोहल्ला युसुफ, शुऐब एवं उबैद निवासी मोहल्ला मनिहारान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल्हाड़ी और छुरियां बरामद हुईं। मौके से करीब 1.5 क्विंटल मांस, पशु के अवशेष और इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी वैध लाइसेंस नहीं दिखा सके। पुलिस ने पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मांस का नमूना परीक्षण के लिए भिजवाया। पुलिस ने बरामद मांस और उपकरणों को कब्जे में लेकर सील कर दिया। सीओ कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
-