रामपुर। बमनपुरी स्टेडियम के पीछे तालाब किनारे गोवंशीय पशु के अवशेष मिलने के मामले में गंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन वांछित आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, तीन अगस्त को बमनपुरी क्षेत्र में तालाब किनारे गोवंशीय पशु का वध कर उसके अवशेष फेंके गए थे। गंज पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के खुलासे के लिए थाना गंज और एसओजी की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
रात में गश्त और चेकिंग के दौरान इंद्रा नहर की ओर से दो संदिग्ध बाइक सवार आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे कच्चे रास्ते की ओर भाग निकले। कुछ दूर जाकर दोनों बाइक फिसलकर गिर गईं। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दानिश निवासी खिजरपुर, थाना अजीमनगर तथा जावेद उर्फ सलमान निवासी घेर नज्जू खां के दोनों पैरों में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं मोहम्मद मलिक कुरैशी निवासी घेर मर्दान खां को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि आरिफ पुत्र भूरा उर्फ अतीक निवासी बंगला आजाद खां फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक अपाचे बाइक, बिना नंबर प्लेट की हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर चोरी-छिपे गोकशी करते थे। उनका कहना है कि बमनपुरी स्टेडियम के पीछे तालाब के पास उन्होंने गोवंश का वध किया था, लेकिन पुलिस सायरन की आवाज सुनकर गोमांस वहीं छोड़कर भाग गए थे।
00000
दानिश और जावेद पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दानिश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर, गोवध और आर्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जावेद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
वर्जन 0000
मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। -अनुराग सिंह, एएसपी