स्वार। जनपद रामपुर के ग्राम घाटमपुर निवासी इमरान ने साइबर क्राइम शाखा व थाना मिलकखानम में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने अपने पूर्व पार्टनरों पर धोखाधड़ी, मारपीट और जां से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
इमरान का कहना है कि उसने बिलासपुर-स्वार मार्ग स्थित सगर मैटरनिटी अस्पताल आकानगर थाना मिलकखानम के कुछ लोगों के साथ साझेदारी में खोला था। कुछ समय बाद उसे जानकारी मिली कि उसके पार्टनर अस्पताल में अवैध गतिविधियों में लिप्त हैं। इसके बाद उसने 2 मार्च 2025 को साझेदारी समाप्त कर अपना लगभग चार लाख का हिस्सा वापस मांगा। इमरान का आरोप है कि पैसे लौटाने का आश्वासन देने के बाद, 2 अप्रैल को उसे आकानगर बुलाया गया। वहां पहुंचने पर क़र्बला के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया, गालियाँ दीं और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी कनपटी तमंचा रखकर धमकाया कि अगर पैसा मांगा तो कार्यरत लड़कियों से फर्जी दुष्कर्म का केस करा दिया जायेगा। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। संवाद