स्वार। प्रदूषण की रोकथाम के लिए शनिवार को राजस्व विभाग की टीमों ने क्षेत्र के अनेक गांवों में जागरूकता अभियान चलाया।
टीमों ने किसानों से अपील की कि वे पराली न जलाएं, क्योंकि इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। तहसीलदार सचिन कुमार ने चेतावनी दी कि पहली बार पकड़े जाने पर जुर्माना लगेगा, जबकि दूसरी बार पराली जलाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
एसडीएम के निर्देश पर यह अभियान ग्राम डिलारी, मठखेड़ा, गज्जूपुरा, टाहकला, नूरपुर और महुनागर आदि गांवों में चलाया गया। इस दौरान नुक्कड़ बैठकों के माध्यम से किसानों को पराली निस्तारण के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दी गई।अभियान में तहसीलदार सचिन कुमार आदि शामिल रहे। संवाद