अमरोहा। शहर और देहात में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच चोरों ने जिला अस्पताल की आवासीय कॉलोनी को निशाना बना लिया। करवाचौथ पर घर गईं तीन स्टाफ नर्सों के बंद आवासों के ताले तोड़कर चोर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों का सामान समेट ले गए। शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ फिंगरप्रिंट और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की।
रामपुर जिले के पटवाई क्षेत्र के रामें की मढैयां गांव निवासी ममता जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं। वह बेटे के साथ आवासीय कॉलोनी के टाइप वन स्थित कमरा नंबर 12 में रहती हैं। उनके पति रामपुर में निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। करवाचौथ पर ममता मंगलवार को छुट्टी लेकर घर चली गई थीं। पड़ोस में रहने वाली स्टाफ नर्स रितु भी नूरपुर स्थित अपने घर और तीसरी स्टाफ नर्स संगीता त्योहार मनाने घर गई थीं।
बृहस्पतिवार रात करीब 12 से चार बजे के बीच चोर कॉलोनी में दाखिल हुए और तीनों आवासों के ताले तोड़कर सामान खंगाल डाला। ममता के घर से पांच सोने की अंगूठियां, चांदी के जेवरात और करीब तीन हजार रुपये चोरी कर लिए। अन्य दोनों आवासों से भी नकदी और जेवरात समेत लाखों का सामान समेट लिया।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने ताले टूटे देख स्टाफ नर्सों को सूचना दी। तीनों परिजनों के साथ कॉलोनी पहुंचीं। घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश फैल गया। सीओ अवधभान भदौरिया और थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर फिंगरप्रिंट और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पीड़ित स्टाफ नर्सों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।