रामपुर बुशहर। रामपुर के तकलेच में कोरोना कर्फ्यू के दौरान एक दुकान से शातिरों ने वीडियो कैमरों सहित अन्य इलेक्ट्रिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया है। दुकानदार ने पुलिस चौकी तकलेच में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी तकलेच में 4 जून को की गई शिकायत में समर सिंह, पुत्र सपन दास निवासी तकलेच ने बताया कि तकलेच में उसी दुकान है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान उसकी दुकान बंद थी और वह अपने गांव में दामिनी गया था।
तीन जून को जब वह दुकान पर पहुंचा तो, उसने देखा कि अज्ञात चोरों ने वीडियो कैमरों सहित अन्य इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर लिया है। इनकी कीमत 1 लाख 90 हजार बताई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर कायथ ने कहा कि तकलेच में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।