हाईटेंशन लाइन से किशोरी की मौत के मामले में करीब 28 घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई घटना के बाद तार जोड़ने पहुंचे बिजली कर्मियों को मोहल्ले के लोगों ने भगा दिया था। साथ ही बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया था। बृहस्पतिवार को पुलिस की मौजूदगी में बिजली कर्मियों ने तार जोड़े, जिससे बाद शाम करीब साढ़े चार बजे सप्लाई शुरू हो सकी।
स्वार के मोहल्ला चक बांसवाली मस्जिद निवासी खलील अहमद का बेटा मोहम्मद अयान (17) फेरी लगाकर सब्जी बेचता था। वह बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मोहल्ले में ही ठेले पर सब्जी लेकर बेचने गया था। वह राज आदर्श स्कूल की गली से गुजर रहा था कि ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उसके ऊपर गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों व महिलाओं रोष जताया। साथ ही जमकर हंगामा किया। वहीं, महिलाओं ने तार जोड़ने पहुंचे बिजली कर्मियों को काम करने से मना कर दिया। पुलिस ने मनाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्सा देख बिजली विभाग की टीम लौट गई थी।
बृहस्पतिवार शाम लगभग चार बजे बिजलीकर्मियों ने पुलिस और संभ्रांत नागरिकों की मौजूदगी में तार जोड़ने का कार्य शुरू किया। इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे सप्लाई शुरू हो सकी। हालांकि, लोगों का कहना है कि आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की गार्डिंग का कार्य नहीं किया। इसको लेकर मोहल्ले के लोगों में रोष है।
शव को किया सुपुर्द-ए-खाक
बुधवार की सुबह हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार गिरने से मौत का शिकार हुए मोहम्मद अयान का शव घर लाया गया तो परिवार में चीत्कार मच गया। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे शव को दफ्न किया गया।
- हादसे के बाद मोहल्ले के लोगों ने विद्युत लाइन जोड़ने का विरोध किया था। इसके कारण लाइन जुड़ने में विलंब हुआ, लेकिन बृहस्पतिवार शाम पुलिस की सहायता लेकर लाइन जोड़ दी गई है। इसके बाद आपूर्ति बहाल हो गई। इस बीच आबादी के ऊपर से होकर गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की गार्डिंग का कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। विभाग का पूरा प्रयास है कि लोगों को सुरक्षा मिले। -सर्वेश कुमार, एसडीओ विद्युत स्वार