सैफनी/शाहबाद। दुष्कर्म की शिकार मूकबधिर बिटिया की हालत में सुधार होने के बाद अब पुलिस विशेषज्ञों की निगरानी में सोमवार को मेरठ जाकर उसके बयान दर्ज कराएगी। विवेचना अधिकारी एवं सीओ हर्षिता सिंह मुरादाबाद के विशेषज्ञ अनुवादक के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचकर किशोरी के बयान दर्ज करेंगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैफनी क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय मूकबधिर बिटिया के साथ घिनौनी दरिंदगी की गई थी। आरोपी दान सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी की हालत में सुधार है। इस मामले की विवेचना कर रहीं सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार को मुरादाबाद के मूकबधिर बच्चों के अनुवादक को साथ लेकर मेरठ मेडिकल कॉलेज जाएंगी। माता-पिता की उपस्थिति में अनुवादक के माध्यम से किशोरी के बयान दर्ज किए जाएंगे। बयान दर्ज करते समय अनुवादक और माता-पिता के सामने ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
सीओ ने यह भी बताया कि वह लगातार मेरठ मेडिकल कॉलेज के संपर्क में थीं, हालांकि एक सप्ताह पहले जब वह किशोरी के बयान लेने गई थीं, तब उसकी हालत में सुधार नहीं था, जिस कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा था। यह मूकबधिर किशोरी का उपचार मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विभाग की हेड डॉ. रचना चौधरी की देखरेख में चल रहा है।
डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि, डीएनए रिपोर्ट आने से पहले भी चार्जशीट दाखिल की जा सकती है, लेकिन प्रमाणित डीएनए रिपोर्ट केस को और मजबूत करेगी।
इस मामले की विवेचना चल रही है। विवेचना अधिकारी पैनल की निगरानी में सोमवार को मेरठ पहुंचकर बयान दर्ज करेंगे। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई होगी। विद्या सागर मिश्र, एसपी