रामपुर में सावन के दूसरे सोमवार को श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्घालु। फो
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। कोरोना महामारी के चलते एहितयातन सावन मास के दूसरे सोमवार पर भी सभी प्रमुख मंदिरों के कपाट बंद रहे या फिर बहुत कम श्रद्धालुओं को ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। मंदिरों में कोरोना गाइडलाइन के अनुसार चार-पांच श्रद्धालुओं से अधिक को प्रवेश नहीं दिया गया। जिस कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने अपने घरों में रहकर पूजा-अर्चना कर व्रत रखा। इस दौरान मंदिरों पर पुलिस की निगरानी भी रही।
कोरोना वायरस कोविड-19 के कारण सावन के दूसरे सोमवार पर जिले के एतिहासिक एवं प्राचीन पातालेश्वर महादेव शिव मंदिर भमरौआ, रठौंडा स्थित ऐतिहासिक श्री बामेश्वर महादेव शिव मंदिर और पंजाबनगर नंदगांव स्थित ओम नागेश्वर महादेव शिव मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों पर पुलिस तैनात रही। यहां पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं लगने दी और मंदिर समिति व कुछ गिने-चुने श्रद्धालुओं ने ही पूजा की। मंदिरों पर लगी पुलिस फोर्स ने भी श्रद्धालुओं को मंदिर में भीड़ लगाकर पूजा करने की इजाजत नहीं दी। कई श्रद्धालुओं को इस कारण मंदिर से बिना पूजा-अर्चना किए ही वापस भी लौटना पड़ा। कोरोना की पाबंदियों के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने घरों में ही पूजा-अर्चना की।