टांडा। क्षेत्र के ग्राम लांबाखेड़ा में होलिका दहन चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह गांव का प्रमुख मार्ग है, जिससे बच्चे स्कूल, किसान खेतों और श्रद्धालु शिव मंदिर जाते हैं। सड़क जगह-जगह टूटी होने और गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाले निर्माण के दौरान प्रधान द्वारा नालों में पानी छोड़ने से मना करने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या बढ़ गई है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर गिर चुके हैं, स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म खराब हो जाती है और किसानों के वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
********************
गांव में नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को सही तरीके से पूरा करने के लिए अस्थायी रूप से नालों में पानी छोड़ने पर रोक लगाई गई है। यह व्यवस्था कुछ समय के लिए है और जल्द ही नाले बन जाने के बाद जलनिकासी की समस्या समाप्त हो जाएगी तथा सड़क का भी निर्माण कराया जाएगा। -मोहम्मद दानिश, ग्राम प्रधान
*****
क्या बोले ग्रामीण
सड़क की हालत इतनी खराब है कि बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। -अखिलेश जोशी
******
नाले बंद होने से घरों का पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे पूरे गांव में गंदगी और बदबू फैल रही है। -कुलदीप शर्मा,
******
यह गांव का मुख्य मार्ग है, लेकिन इसकी हालत देखकर लगता है जैसे कोई ध्यान ही नहीं दे रहा। जल्द मरम्मत जरूरी है। -प्रिंस जोशी
********
किसानों के लिए यह रास्ता बहुत जरूरी है, लेकिन कीचड़ और पानी के कारण ट्रैक्टर तक फंस जाते हैं। -पंकज गुप्ता
*********
शिव मंदिर जाने वाले लोगों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे धार्मिक आस्था से जुड़े लोगों को भी परेशानी हो रही है। -अजय वर्मा