भोट। भारतीय किसान यूनियन अंबावता की पंचायत में रुद्र विलास किसान चीनी मिल के नवीनीकरण का मुद्दा उठा। इस दौरान दूसरे संगठनों को छोड़कर भाकियू में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत भी किया गया।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र के सनकरा गांव स्थित साप्ताहिक बाजार परिसर में भाकियू अंबावता के कार्यकर्ताओं ने पंचायत आयोजित की। पंचायत में भाकियू राजनीतिक के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद उमर के पदाधिकारियों के साथ भाकियू अंबावता में शामिल होने पर उनका स्वागत किया गया।
वहीं प्रमुख राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ वारसी ने कहा कि किसान, मजदूर एवं पीड़ित के लिए संघर्ष करने वाले पदाधिकारी व कार्यकर्ता को संगठन में पूरा सम्मान दिया जाएगा। जल्दी ही पदों की घोषणा की जाएगी। कहा कि क्षेत्र में अधिकांश नहरें सूखी हुई हैं जिस कारण मक्का, मेंथा, मिर्च व अन्य सब्जी की फसलें सूखने के कगार पर हैं। जर्जर हो चुकी रुद्र विलास चीनी मिल के नवीनीकरण के लिए आंदोलन होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में 17 मई को लखनऊ में किसानों की समस्याओं को लेकर एक महापंचायत होगी। जिसमें गन्ने के रेट बढ़ाए जाने की मांग की जाएगी। इस अवसर पर पंचायत में अशरफ अली, रईस अहमद, शकील अहमद, शाहरुख मियां, आरिफ अली, मुबारक हसन, श्याम मोहन पांडे व मोहम्मद अली आदि रहे।