लंबे समय से खराब थी सड़क, लोनिवि ने भेजा था प्रस्ताव, शासन ने जारी किया बजट
अमर उजाला ब्यूरो
रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी से एकता चौराहा फ्लाईओवर मार्ग की मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है। इसके लिए लोनिवि ने प्रस्ताव भेजा था। शासन ने इसके लिए 2.72 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। जल्द ही इस मार्ग का काम शुरू हो जाएगा। जौहर यूनिवर्सिटी से एकता चौराहे फ्लाईओवर मार्ग हजारों लोग प्रयोग करते हैं। इस सड़क पर लंबे समय से मरम्मत नहीं हुई थी। इस कारण इस सड़क पर कई जगह गड्ढे बन गए थे। लोगों की मांग पर लोनिवि ने शासन में इसका प्रस्ताव भेजा था। शासन से इसकी अनुमति मिल गई है।
प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता केवी सिंह ने बताया कि शासन से 2.72 करोड़ रुपये मिल गए हैं। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। बताया कि जो फर्म ये ठेका लेगी उसे पांच महीने में इस सड़क को बनाकर देना होगा।
सोढ़ी काॅलोनी मार्ग भी 65 लाख से बनाया जाएगा
रुद्रपुर-गदरपुर मार्ग से सोढ़ी कॉलोनी मार्ग के लिए भी शासन ने 65 लाख रुपये जारी किए हैं। इस सड़क को ठेकेदार को दो महीने में बनाकर देना होगा। सड़क बन जाने से पांच हजार से अधिक की आबादी को फायदा मिलेगा। इसके अलावा खाता से बिजली फार्म छूटी कड़ी मार्ग का निर्माण 1.14 करोड़, कौशलगंज धुरियाई से इंदरपुर बरादरी मेन रोड का निर्माण 1.65 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। इसके लिए भी शासन से बजट जारी हो चुका है। लोनिवि ने इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।