बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के जंगल में निर्माणाधीन एक फैक्टरी को खींची जा रही बिजली की लाइन का बुधवार को किसानों ने विरोध किया। विरोध स्वरूप बिजली की लाइन खिंचवाने गए अधिकारी व कर्मचारी सुरक्षा की दृष्टि से वापस लौट आए। विद्युत उपखंड के अधिशासी अभियंता ने कोतवाली प्रभारी से पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम लालपुर के जंगल में एक फैक्टरी का निर्माण कार्य चल रहा है। बताते हैं की फैक्टरी प्रबंधन ने विद्युत विभाग से बिजली की लाइन खिंचवाने के लिए आवेदन किया है। विद्युत उपखंड के अधिशासी अभियंता कर्मवीर सिंह के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 11 बजे वह एसडीओ प्रदीप प्रसाद गुप्ता व राजस्व कर्मियों के साथ ग्राम लालपुर के जंगल में फैक्टरी के लिए सरकारी चकरोड पर बिजली की लाइन खिंचवाने की प्रक्रिया शुरू कर रहे थे।
उनका आरोप है कि इस दौरान लालपुर के कुछ किसानों ने बिजली की लाइन खींचने का विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वह अपने खेतों में बिजली की लाइन नहीं निकलने देंगे। जबकि, बिजली विभाग का कहना था कि वह सरकारी चकरोड पर बिजली की लाइन निकाल रहे हैं। किसानों ने चकरोड को अवैध रूप से पाट कर अपने खेतों में मिला लिया है। राजस्व कर्मी चकरोड की नपत कर रहे थे कि किसानों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसके बाद विद्युत व राजस्व कर्मी विभाग के अधिकारी व कर्मचारी असुरक्षा की दृष्टि से वापस लौट आए।
कोतवाली पहुंचकर एक्सईएन व एसडीओ ने कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह को सारा घटनाक्रम बताया। उन्होंने नई लाइन खींचे जाने के दौरान पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने बृहस्पतिवार को पुलिस बल देने के निर्देश दिए हैं। एक्सईएन ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में अब फैक्टरी के लिए बिजली की लाइन सरकारी चकरोड पर निकाली जाएगी, जबकि किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग फैक्टरी प्रबंधन से मिलकर उनके खेतों में गलत ढंग से बिजली की लाइन निकाल रहा है। जिसकी शिकायत वह उच्च अधिकारियों से भी करेंगे।