सैफनी/शाहबाद। दुष्कर्म की शिकार मूक बधिर बिटिया के बयान रविवार को नहीं हो सके। अब उसके बयान विशेषज्ञों की निगरानी में दर्ज किए जाएंगे। इस मामले की विवेचक सीओ हर्षिता सिंह ने मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बिटिया का हाल जाना। डॉक्टर की सलाह पर फिलहाल रविवार को बयान दर्ज नहीं हो सके। फिलहाल बिटिया की हालत में सुधार बताया गया है। सैफनी क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय मूकबधिर बिटिया के साथ घिनौनी दरिंदगी की गई थी। इस प्रकरण के आरोपी दान सिंह को पुलिस ने गोली मारकर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, बालिका का इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस घिनौनी हरकत में बिटिया की आंत डैमेज हो गई थी। मुंह पर गंभीर चोटें आई थी।
बिटिया का उपचार मेडिकल कॉलेज में कराना शुरू कर दिया था। बिटिया के मुंह पर सर्जरी की जा चुकी है। मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग विभाग की हैड डॉ. रचना चौधरी की देखरेख में उपचार चल रहा है। शुक्रवार को बिटिया को होश भी आ गया था। जिसके बाद सीओ हर्षिता सिंह रविवार को बिटिया का हाल-चाल और स्वास्थ्य को देखने के लिए मेरठ पहुंची।
सीओ ने बताया की फिलहाल में बिटिया की हालत में काफी सुधार है। कुछ दिनों के बाद मूकबधिर बिटिया के बयान दर्ज कराए जाएंगे। बयान दर्ज होते समय मूकबधिर विशेषज्ञ अनुवादक को साथ में लिया जाएगा। अनुवादक और माता-पिता के सामने ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड करते हुए तकनीकी माध्यमों के साथ बयान होंगे। जिसके बाद केस में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।