रामपुर। दिवाली का उल्लास चारों ओर छाया हुआ है। घर-द्वार वंदनवार की खुशबू से महक रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा शहर नहाया है। रविवार को उत्साह के साथ छोटी दिवाली मनाई गई। सोमवार को धूमधाम से दीपोत्सव मनाया जाएगा। सुख-समृद्धि के प्रतीक भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की शुभ मुहूर्त में घरों और प्रतिष्ठानों में पूजा होगी।
दिवाली की आखिरी खरीदारी के लिए रविवार को बाजारों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह आठ बजे से ही दुकानें खुल गई थीं और ग्राहकों का तांता लग गया। मिठाई की दुकानों पर विशेष चहल-पहल रही, जहां दुकानदारों ने उपहारों की आकर्षक व्यवस्था की थी।
रविवार को छोटी दिवाली पर सुबह घरों में पूजन किया गया, तो शाम को घरों के बाहर दीये जलाए गए। घरों और प्रतिष्ठानों को फूलों के वंदनवार, रंग-बिरंगी झालरों और पर्दों से सजाया गया। कई प्रतिष्ठानों पर थीम के हिसाब से स्टैच्यू भी लगाए गए, जिसने त्योहारी माहौल को और भी रंगीन बना दिया।
गेंदा का फूल 200 रुपये किलोग्राम बिका
गेंदे का फूल 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका। बाजार में सुबह से फूल बेचने और खरीदने वालों की भीड़ लगी रही। गेंदे की छोटी फूल की माला 50 रुपये, मध्यम माला 100 रुपये और बड़ी माला 200 रुपये तक बिकी।