स्वार। काशीपुर में बारिश के पानी से भरे प्लॉट में डूबकर जान गंवाने वाले स्वार क्षेत्र के अलीनगर जागीर निवासी छह वर्षीय देव का शव बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां रेनू बार-बार बेसुध हो गईं, जिससे पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
देव अपने माता-पिता की तीन संतानों में सबसे बड़ा था। पिता राजेंद्र उत्तराखंड के काशीपुर में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मां रेनू बेटे को पढ़ा-लिखाकर बड़ा आदमी बनाने का सपना देख रही थीं, लेकिन एक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
परिजनों के अनुसार, घर में खाना तैयार था और मां बच्चों को बुलाने की तैयारी कर रही थीं। तभी देव के बारिश के पानी से भरे खाली प्लॉट में डूबने की सूचना मिली। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मां रेनू बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपनों को याद कर बिलखती रहीं। उनके विलाप से परिवार और गांव का माहौल भावुक हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। दोपहर बाद देव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।