बिलासपुर के बेगमाबाद गांव में युवक का शव बरामद होने के बाद हंगामा करते परिजन। संवाद
बिलासपुर (रामपुर)। नौ दिन से लापता गांव खजुरिया निवासी किसान वीर सिंह का शव बृहस्पतिवार को कुल्ली नदी में उतराता मिला। परिजनों ने हत्या के बाद शव फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव बेगमाबाद के कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे कुल्ली नदी में शव उतराता देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कार्यवाहक थाना प्रभारी श्रीपाल सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और शव की शिनाख्त कराई। शव की पहचान गांव बलखेड़ा वीर सिंह (35) के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या के बाद शव फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने बताया कि वह 11 नवंबर को गायब हुए थे। उन्होंने 15 नवंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी तलाश नहीं की। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 15 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज हुई थी, जिसकी जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।