रामपुर। प्रसव के दौरान निजी अस्पताल में नवजात की मौत और प्रसूता की हालत बिगड़ने के मामले में गिरफ्तार किए गए अस्पताल संचालक डाॅ. फहीम को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए यह कार्रवाई की है।
शाहबाद नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी इकरार बेग के बेटे सलमान की गर्भवती पत्नी उमरा को प्रसव पीड़ा होने पर सैफनी के चांद हॉस्पिटल में 17 जून को भर्ती कराया था, जहां पर अस्पताल संचालक की लापरवाही के चलते आठ माह में ही असमय डिलीवरी कराई गई, जिससे नवजात की तुरंत मौत हो गई थी। वहीं जच्चा की हालत नाजुक होने पर उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था।
बृहस्पतिवार को करार बेग की तहरीर के आधार पर मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी डॉक्टर फहीम अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। शुक्रवार को इस मामले में डॉक्टर फईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष हमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में चल रहे फर्जी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को भी पत्र लिखा गया है।