अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी की गवाही पूरी
रामपुर। सपा नेता आजम खां के पुत्र एवं स्वार क्षेत्र से विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र मामले में मंगलवार को एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में सुनवाई हुई। इस दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी नसीम अहमद गवाही देने कोर्ट पहुंचे। उनकी गवाही हुई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने उनसे जिरह की। उनकी जिरह पूरी हो गई है। कोर्ट ने मामले में अगली तारीख तीन सितंबर तय की है।
भाजपा नेता आकाश सक्सेना ने साल 2019 में गंज थाने में अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे में अब्दुल्ला के अलावा उनके पिता शहर विधायक आजम खां और मां डॉ. तजीन फात्मा भी नामजद हैं। इस मामले की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। मंगलवार को इस मामले की कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में अभियोजन ने पासपोर्ट अधिकारी नसीम अहमद की गवाही कराई। जहां बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने उनसे जिरह की। पासपोर्ट अधिकारी की गवाही पूरी हो गई है। वादी के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि अदालत ने इस मामले में सुनवाई के लिए अब तीन सितंबर की तारीख तय करते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी को तलब किया है।