भाजपा में पूरब-पश्चिम का जबरदस्त समन्वय, 2024 में आएंगे बेहतर परिणाम : नकवी
रामपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी में पूरब और पश्चिम का जबरदस्त समन्वय हुआ है। पूरब से मुख्यमंत्री तो पश्चिम से प्रदेश अध्यक्ष हैं। इस पूरब पश्चिम का समन्वय और संगम उत्तर प्रदेश के 2024 लोकसभा चुनाव में जबरदस्त परिणाम देंगे।
मुख्तार अब्बास नकवी मंगलवार शाम को रामपुर पहुंचे। प्रवेश के वक्त कोसी पुल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद शंकरपुर स्थित अपने आवास पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर सरकार की नीतियों, कार्यक्रम और योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरे परिश्रम के साथ काम करना चाहिए। इस समय जिस तरह से वर्षा न होने के कारण कुछ जगहों पर सूखे जैसी स्थिति दिखाई पड़ रही है, उसकी भी चिंता हमें करनी चाहिए और सरकार को जमीनी स्थिति से अवगत कराने की जरूरत है। बैठक में जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राकेश मिश्रा, काशीराम दिवाकर, ज्वाला प्रसाद गंगवार, कपिल आर्य, मोहनलाल सैनी, जागेश्वर दयाल दीक्षित, महासिंह राजपूत, श्रीष गुप्ता, राजीव मांगलिक, कृष्ण अवतार लोधी, महेश मौर्य, अली यूसुफ अली, दिनेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।