रामपुर। कोरोना टीकाकरण में लड़कियां भी लड़कों से पीछे नहीं है। आमतौर पर टीके आदि से लड़कियों को भय और भ्रांति का माहौल रहता है लेकिन, यहां स्थिति अलग है। टीकाकरण के मामले में लड़कियां भी उत्साह दिखा रही हैं। स्कूल में लगने वाले शिविरों में लड़कों की तरह लड़कियां भी बढ़-चढ़कर टीका लगवा रही है। अगर स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट की बात करें तो जिले में 51.71 प्रतिशत लड़कों और 48.27 प्रतिशत लड़कियों ने टीकाकरण कराया है।
जिले में कोरोना से बचाव को हो रहे टीकाकरण की बात करें तो अब तक 1.70 लाख लोगों ने पहली और 1.31 लाख लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं, 15 से 17 वर्ष के 1.40 लाख किशोर-किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है जबकि, 1.07 लाख को दूसरी डोज दी जा चुकी है। वहीं, 12 से 14 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण 16 जनवरी से शुरू हुआ है। अब तक 9650 बच्चों को टीका लगाया जा चुका है। जबकि, 98945 को टीका लगाया जाना है।