बिलासपुर। नगर के मोहल्ला टांडा हुरमत नगर में रविवार सुबह बच्चों के बीच खेल के दौरान हुए विवाद में एक किशोर को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला टांडा हुरमत नगर निवासी इदरीश अहमद का पुत्र अल्तमश रविवार सुबह करीब दस बजे मोहल्ले में बच्चों के साथ खेल रहा था। खेल के दौरान बच्चों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक बच्चे के परिजनों ने लाठी-डंडों से प्रहार कर अल्तमश को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के दौरान परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन घायल अल्तमश को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।