सनातन धर्म इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश के निलंबन के खिलाफ शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक को घेरेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानी के चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। साफ किया कि शिक्षकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालेज के प्रधानाचार्य के निलंबन का विरोध चल रहा है।
इसी को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक मंगलवार को विद्या मंदिर इंटर कालेज में हुई। प्रधानाचार्य के निलंबन पर नाराजगी जाहिर की गई। जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानाचार्य का निलंबन गलत तरीके से किया गया है। शिक्षकों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। नर्वदेश्वर राव ने प्रबंधक के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
कहा कि इस मुद्दे को लेकर शिक्षक अब आंदोलन करेंगे। संघ की ओर से छह नवंबर को जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर पर धरना दिया जाएगा। यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो शिक्षक प्रधानी चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर जिलामंत्री सोमपाल सिंह, महावीर सिंह, नेतराम सिंह, प्रेम सिंह, शैलेंद्र कुमार, नरेंद्र सिंह, राम नरेश तोमर, भारत सिंह, जय किशन चौरसिया, सुनीता देवी, विजय लक्ष्मी शर्मा, आरटी शर्मा, तेजपाल सिंह, अजय सिंह राठौर, प्रदीप पाठक, नाहिद जहां, सचिन सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन जिलामंत्री सोमपाल सिंह ने किया।