राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य की नाराजगी के बाद आखिरकार प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी से नगर पालिका व पंचायत विभाग से लगे सफाई कर्मियों की वापसी कराने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही यहां लगी पालिका की सफाई मशीन को भी वापस लेने को कहा गया है। नगर पालिका सफाई मशीन यूनिवर्सिटी में होने की बात से इंकार कर रहा है।
आयोग की सदस्य मंगलवार को रामपुर आई थीं। उस वक्त सफाई कर्मियों के संगठनों व अन्य ने शिकायत की थी कि पालिका व पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारी सीधे तौर पर जौहर यूनिवर्सिटी में लगाए गए हैं जो कि शासन के आदेशों का उल्लंघन है। इसी तरह पालिका की सफाई मशीन भी जौहर यूनिवर्सिटी में लगाई गई है। इस शिकायत के आधार पर सदस्य ने नगर पालिका प्रशासन से भी सफाई कर्मियों को निर्दश जारी करते हुए कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। आयोग की सदस्य की नाराजगी के बाद अब प्रशासन भी इसको लेकर एक्टिव हो गया है।
प्रभारी डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी व जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया है कि यूनिवर्सिटी में जो भी सफाई कर्मी लगे हैं उनको वापस कराया जाए। पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष त्रिवेदी ने बताया कि इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। पालिका की कोई सफाई मशीन यूनिवर्सिटी में नहीं लगी है।