शाहबाद। ढकिया रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर सो रहे चौकीदार समेत दो सगे भाइयों पर ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने संदिग्ध की लगभग पहचान कर ली है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
ढकिया रोड स्थित एनएफ इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर सो रहे चौकीदार अय्यूब और उसके भाई अकरम पर शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावर ने ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस जिस संदिग्ध युवक तक पहुंची है, उसके बारे में चर्चा है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और वह साइको प्रवृत्ति का हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। साथ ही यह भी पता किया जाएगा कि आरोपी शाहबाद कैसे और क्यों पहुंचा तथा ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला करने की वजह क्या रही।
सीओ देवकीनंदन ने बताया कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस जांच में जुटी हुई है।