टांडा। टांडा-लालपुर मार्ग पर बिजलीघर के पास स्थित आम के बाग में 220 पेड़ों की शाखाएं काटने के मामले में वन विभाग ने तहरीर देकर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हालांकि कार्रवाई के बाद भी वन विभाग की शुरुआती कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
वन रक्षक अमित की तहरीर के अनुसार 13 जुलाई को वन दरोगा प्रिंस कुमार के साथ गश्त के दौरान सूचना मिली कि बिजलीघर के पास स्थित आम के बाग में पेड़ों की शाखाएं काटी जा रही हैं। मौके पर पहुंचने पर 240 में से 220 आम के पेड़ों की पूरी शाखाएं और 20 पेड़ों की कुछ शाखाएं कटी मिलीं। आसपास के लोगों से पूछताछ में बब्बू खां उर्फ शाहनवाज निवासी मोहल्ला भीमाकुरी और अनवार खां निवासी इमलीवाला मदरसा पड़ाव के नाम सामने आए।
वन विभाग की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं, भारतीय वन अधिनियम और उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, मामला तूल पकड़ने के बाद राजस्व, वन और उद्यान विभाग की संयुक्त टीम ने भी बाग का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है, जिसे जिला मुख्यालय भेजा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पहली सूचना पर ही कटाई रुकवा दी जाती और कटी हुई लकड़ी जब्त कर ली जाती तो नुकसान इतना बड़ा नहीं होता।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।