जनपदीय शैक्षिक युवा क्रीड़ा समारोह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सोमवार को शुरू हो गया। इस दौरान कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फर्राटा रेस में सुमित और अंशिका ने बाजी मारी। प्रतियोगिता मंगलवार को भी जारी रहेगी।
राजकीय शारीरिक प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में सोमवार को तीन दिवसीय जनपदीय शैक्षिक युवा क्रीड़ा समारोह की शुरुआत की गई। मुख्य विकास अधिकारी अमित किशोर ने समारोह का उद्घाटन किया। छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। सीडीओ ने छात्र-छात्राओं की हौसला आफजाई की। कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है।
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना जरूरी है। छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत और राजस्थानी गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। संयोजक हरिनाथ सिंह ने बैज लगाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर कई खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
सीनियर वर्ग के बालकों की सौ मीटर दौड़ में राजकीय इंटर कालेज मानकपुर बंजरिया के सुमित ने पहला, राजेश ने दूसरा और गुरु नानक इंटर कालेज बिलासपुर के आदिल खां ने तीसरा स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग की बालिकाओं में खुर्शीद कालेज की अंशिका भटनागर ने पहला, रेनबो इंटर कालेज सीकमपुर टांडा की प्रतीक्षा और रेशम प्यारी इंटर कालेज मिलक की रीना ने दूसरा तथा तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक माया देवी, बीएसए एसके तिवारी मौजूद रहे। इसके अलावा संयोजक हरिनाथ सिंह यादव व साधना विश्नोई ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर रोशन सिंह यादव, जमाल फात्मा, ऋषिपाल सिंह, नफीस अहमद, निशी रानी, जुगल किशोर, कुलविंदर कौर, संजीव रूहेला आदि मौजूद रहे।