खंड विकास कार्यालय में सोमवार को नामांकन पत्र और मतदाता सूची न मिलने के
कारण ग्रामीणों ने आरओ के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। साथ ही
उन्होंने प्रशासन की लचर व्यवस्था पर भी रोष जताया। सोमवार को अंतिम दिन
क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 650 नामांकन पत्र की बिक्री हुई।
ब्लाक के
सभी दस काउंटरों पर सोमवार को बीडीसी पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री
शुरू हुई। घरयायी और पजाबा न्याय पंचायत से जुड़े लोगों ने अपराह्न करीब एक
बजे हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वह 11 बजे से लाइन में लगे
हैं, मगर उन्हें नामांकन पत्र नहीं मिल पाए हैं।
उन्होंने एआरओ पर देर से
आने व एक बजे काउंटर बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदर्शन के बाद
मामले की शिकायत आरओ एम के कुलश्रेष्ठ से भी की, मगर लोगों की समस्या का
समाधान नहीं हो सका। अरविंद्र सिंह चीमा व देवेंद्र
सिंह बाजवा, साबिर अली आदि कहना था कि एआरओ कल मंगलवार को आने के लिए कह
रहे हैं।
इस बीच खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह बिष्ट भी पहुंच गए और
उन्होंने हंगामा करने वालों को शांत किया। इसके बाद लोगों ने मतदाता सूची न
मिलने की बात कहते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। बीडीओ ने मंगलवार को
सूची दिलाने का आश्वासन दिया। आरओ ने बताया कि मंगलवार से बीडीसी के
नामांकन पत्र दाखिल होंगे।