रामपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने गुब्बारे एवं कबूतर उड़ा कर किया।
जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जीवन में कोई भी कार्य मन भावना और लगन से किया जाए, तो वही व्यक्ति सफल होकर समाज में आगे बढ़ता है। इसके लिए आपको अपने आगे आने वाली हर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। जीवन में संघर्ष अकेले ही करना पड़ेगा। इसके लिए अपने आप को खुद मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार कर लें। उन्होेंने कहा कि किताब पढ़ने से तैयारियां नहीं होती, इसके लिए आपको अनुशासन में रहकर ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बार-बार प्रयास करना पड़ेगा। खेल के मैदान में आप कितने तत्पर होते हैं, ये आपके सकारात्मक सोच पर निर्भर करता है। सकारात्मक सोच से ही आप अपने जीवन की चुनौतियों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे समाज और परिवार को ठेस पहुंचे, इसलिए अपने मन को एकाग्र रखें और टीम भावना के साथ कार्य करें। कोई भी लक्ष्य इतनी आसानी से नहीं मिलता, इसके लिए कठिन परिश्रम की आवश्यकता होती है। इस दौरान जिलाधिकारी ने विजयी खेल प्रतिभागियों को अपने हाथों से पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बिलासपुर डॉ. राकेश कुमार, तहसीलदार बिलासपुर महेन्द्र बहादुर सिंह, प्राचार्य डिग्री कालेज डॉ. आरपी यादव सहित कालेज के अन्य प्रवक्तागण उपस्थित रहे।