रामपुर। सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को परिणाम घोषित करने के बाद नई सुविधा देने का फैसला किया है। बोर्ड ने कहा है कि छात्र अब अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकेंगे और स्वयं उसका अवलोकन कर सकेंगे। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या दिखाई देती है तो छात्र बोर्ड को इसकी जानकारी भी दे सकेंगे।
सीबीएसई की ओर से शनिवार को जारी निर्देश में कहा गया है कि इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली अपनाई गई थी। बोर्ड के अनुसार इस डिजिटल व्यवस्था से मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और तेज बनी है।
इसके माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं की गोपनीयता बनाए रखने, टोटलिंग व अपलोडिंग की गलतियों को कम करने तथा प्रत्येक प्रश्न का सही मूल्यांकन सुनिश्चित करने में मदद मिली है। बोर्ड ने साफ किया है कि डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया से मानवीय हस्तक्षेप भी कम हुआ है।
इससे परीक्षकों का समय बचा और पूरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनी। साथ ही कागज के कम उपयोग और उत्तर पुस्तिकाओं के भौतिक परिवहन की आवश्यकता घटने से यह पर्यावरण के अनुकूल भी साबित हुई है। सीबीएसई का कहना है कि इस व्यवस्था से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।
सीबीएसई की ओर से जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया कि मूल्यांकन कार्य से जुड़े शिक्षकों को पहले ही विस्तृत दिशा-निर्देश और प्रशिक्षण दिया गया था ताकि जांच पूरी तरह निष्पक्ष, सही और त्रुटिरहित हो सके। इसके बावजूद यदि कोई छात्र अपने घोषित परिणाम से संतुष्ट नहीं होता है तो उसे उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी।
बोर्ड के अनुसार छात्र संबंधित विषय की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका देखकर यह जांच सकेंगे कि कहीं किसी प्रश्न का मूल्यांकन छूटा तो नहीं है अथवा अंकों के अंकन में कोई त्रुटि तो नहीं हुई है। यदि कोई स्पष्ट समस्या सामने आती है तो छात्र निर्धारित प्रक्रिया के तहत बोर्ड को सूचित कर सकेंगे।
आवेदन की तारीख बाद में होगी घोषित
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर नीरज तिवारी के अनुसार सीबीएसई ने कहा कि परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों को दी जाने वाली सुविधाओं की पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी। बोर्ड जल्द ही आवेदन की तिथियां, शुल्क और अन्य दिशा-निर्देश अलग से जारी करेगा। विद्यार्थियों और अभिभावकों से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
-