बिलासपुर (रामपुर)। केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिढ़ऊ में रविवार सुबह नदी किनारे खेल रहे कक्षा एक के छात्र पर एक खूंखार कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मणिक अग्रवाल ने बताया कि कुत्ते के हमले से बच्चे के चेहरे पर गंभीर घाव हो गए थे। घाव गहरे होने के कारण टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की हालत में सुधार है और उसे घर भेज दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम बिढ़ऊ निवासी शाहनवाज का छह वर्षीय पुत्र अरशद गांव के एक स्कूल में कक्षा एक का छात्र है। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह करीब नौ बजे अरशद अपने दोस्तों के साथ गांव के पास नदी किनारे खेल रहा था। इसी दौरान एक खूंखार कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने अरशद के चेहरे और मुंह को बुरी तरह नोंच दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अरशद की चीख-पुकार सुन उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे घबरा गए और गांव की ओर भागकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लाठी-डंडे लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को दौड़ाकर अरशद को उसके चंगुल से बचाया। इसके बाद परिजन उसे तत्काल नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
घटना के बाद गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा और खूंखार कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इससे बच्चों के स्कूल आने-जाने और लोगों के घर से बाहर निकलने में डर बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में घूम रहे आवारा और खूंखार कुत्तों को पकड़कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।