ढकिया चौकी क्षेत्र के एक गांव में मजदूरी पर गेहूं निकलवाने गए छात्र की थ्रेसर में फंसकर मौत हो गई। छात्र की मौत होने से घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ढकिया चौकी क्षेत्र के गांव रूस्तमनगर नटियाखेड़ा निवासी सुल्तान खां का 14 साल का बेटा अरमान ढकिया स्थित खान सिंह जनता इंटर कालेज में कक्षा सात का छात्र था। शुक्रवार सुबह वह अपने गांव के लाल मुहम्मद के ट्रैक्टर पर लगे थ्रेसर पर मजदूरी पर गेहूं निकलवाने के लिए गेहनी गांव के राजीव के खेत पर गया था। बताया जाता है कि थ्रेसर चालू होने के बाद अरमान कटर में गेहूं की पूलियां लगाने लगा। इसी दौरान उसका हाथ थ्रेसर में फंस गया। उसने हाथ खींचने की कोशिश की तो उसका दूसरा हाथ भी थ्रेसर में चला गया। दोनों हाथों के थ्रेसर में फंसते ही मौके पर मौजूद उसके साथ काम कर रहे जुनैद, जुवैर, सेबुन खां भी घबरा गए।
जब तक वह ट्रैक्टर को बंद करते तब तक अरमान का सिर भी थ्रेसर में चला गया। सिर के थ्रेसर में जाते ही उसका आधा शरीर कट गया। इस बीच किसी तरह से ट्रैक्टर बंद हो गया और ट्रैक्टर पर काम कर रहे उसके साथी भाग खड़े हुए। पड़ोस के खेतों में काम कर रहे लोगों ने पुलिस को फोन कर एक युवक के थ्रेसर में फंस कर मौत होने की जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर जा पहुंची और उसने फोन कर परिजनों तथा ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाकर थ्रेसर खुलवाकर उसमें से मृतक छात्र का शव निकलवाकर कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने को चौकी में तहरीर दे दी गई है।