तेज स्पीड बुलेट बाइक का टायर फट गया।इससे बाइक सवार जौहर विश्वविद्यालय के बीटेक के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। उसको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे के बाद परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।
टांडा थाना क्षेत्र के लालपुर कलां गांव निवासी कदीर का बेटा तौकीर जौहर विश्वविद्यालय में बीटेक चौथे वर्ष का छात्र था। तौकीर रोजाना की तरह बाइक से ही यूनिवर्सिटी जाया करता था। शनिवार की सुबह वह बाइक लेकर यूनिवर्सिटी से घर के लिए रवाना हुआ। इस बाइक पर उसके हास्टल में रहने वाले पटवाई थाना क्षेत्र के दलपुरा गांव निवासी अकरम भी बैठ गया।
बताया जाता है कि खौद-लालपुर रोड पर नगला गांव के पास अचानक बुलेट मोटर साइकिल का टायर बर्स्ट हो गया।इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। तेज स्पीड बाइक के सड़क पर गिरने के बाद छात्र तौकीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसाका साथी अकरम घायल हो गया। हादसे के बाद तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद परिवार के लोगों को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। उसके शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया।