मिलक। खमरिया गांव के निकट एक डेयरी में मंगलवार दोपहर पराली की आग से भीषण हादसा हो गया। आग लगने से भूसा, सोलर पैनल, इंजन और कृषि उपकरण जलकर राख हो गए। डेयरी संचालक दिगपाल सिंह ने करीब 12 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
दिगपाल सिंह के अनुसार डेयरी के पीछे खेत में एक किसान ने पराली जलाई थी। तेज हवा के कारण आग डेयरी तक पहुंच गई और भंडार गृह को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पशुओं को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना के बाद दमकल वाहन करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक ग्रामीणों ने करीब 90 फीसदी आग पर काबू पा लिया था।
पीड़ित ने प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर नुकसान का आकलन कराने, मुआवजा दिलाने और पराली जलाने वाले किसान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने खेतों में आग लगाने पर सख्ती बरतने की मांग भी उठाई है।