रामपुर। लखनऊ-दिल्ली बाईपास पर चारधाम यात्रियों से भरी ट्रैवलर बोलेरो के अचानक ब्रेक लगाने से उससे जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पलट गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैवलर में सवार 16 यात्री भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन तीन घायलों को हायर सेंटर ले गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
कानपुर से 14 लोगों का जत्था ट्रैवलर से चारधाम यात्रा के लिए निकला था। वाहन में चालक और परिचालक समेत कुल 16 लोग सवार थे। मंगलवार तड़के करीब ढाई बजे ट्रैवलर लखनऊ-दिल्ली बाईपास पर अजीतपुर के पास पहुंची।
पुलिस के अनुसार, बोलेरो चालक को मोड़ पर मुड़ना था लेकिन आगे निकल जाने पर उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैवलर बोलेरो से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में बोलेरो चालक को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान मिलक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गंगापुर शर्की मझरा घोसीपुरा निवासी 45 वर्षीय छोटे के रूप में हुई। हादसे में बोलेरो में सवार मिलक निवासी उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ट्रैवलर में सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं। ज्यादातर यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीन घायलों को परिजन हायर सेंटर ले गए।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
0000
ट्रैवलर में सवार ये लोग हुए घायल
ट्रैवलर में सवार राधा रमण निवासी इंद्रानगर कानपुर, अनूप शाह निवासी चिपट्टी कन्नौज, नीतू शाह पत्नी अनूप शाह, अशोक कुमार गुप्ता निवासी बसंती नगर कानपुर, कमल गुप्ता निवासी स्वराजपुर कानपुर और ट्रैवलर चालक सौरभ घायल हुए। इसके अलावा महेश चंद्र गुप्ता, भारती, पलक, ओम, अनीता, पूनम, संदीप, प्रीति, मीना गुप्ता, उत्कर्ष और संदीप गुप्ता को मामूली चोटें आईं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया।