टांडा। कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस बरामद कर 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बाइक बरामद होने के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस के मुताबिक, चक खरदिया निवासी याकूब अली की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल एक सितंबर को पीपली नायक से खानपुर गवी जाने वाले मार्ग पर चक मार्ग से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रविवार को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव कसिया कुंड के पास से बाइक बरामद कर शिवम को गिरफ्तार किया। आरोपी मोहल्ला काजियान, टांडा का निवासी है और मूल रूप से मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मानपुर पट्टी गांव का रहने वाला है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने बाइक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद