अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र व पासपोर्ट मामले में हुई सुनवाई
रामपुर में स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र और दो पासपोर्ट के मामले में शनिवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें दो जन्म प्रमाणपत्र के मुकदमे में उनके पिता सपा विधायक आजम खां भी आरोपी हैं। लिहाजा, सीतापुर जेल से शुक्रवार को जमानत पर रिहा होने के बाद वह अब्दुल्ला के साथ कोर्ट पहुंच गए। इस दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने पासपोर्ट मामले के गवाह से जिरह की। उनकी जिरह पूरी नहीं हो सकी है। अब जन्म प्रमाणपत्र के मामले में 26 मई और पासपोर्ट के मामले में 30 मई को सुनवाई होगी। दोनों ही मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है।
कोर्ट रूम में लड़खड़ाए आजम खां
डूंगरपुर प्रकरण के एक मामले में आजम खां एमपी-एमएलए कोर्ट सेशन ट्रायल (प्रथम तल) पर पहुंचे। आजम खां इस कोर्ट में करीब साढ़े बारह बजे पहुंचे। इस दौरान आजम खां को अचानक सीढ़ियों पर चढ़ने के बाद कोर्ट रूम में कमजोरी सी महसूस हुई और वो लड़खड़ा गए। उनके साथ मौजूद अब्दुल्ला आजम और समर्थकों ने उन्हें संभाला। इसके बाद कुछ देर तक कुर्सी पर बैठा दिया, जहां उन्होंने आराम किया। उसके बाद उन्होंने मुकदमे की फाइल पर हस्ताक्षर किए। कोर्ट ने इस मामले में 15 जून की तारीख तय की है।