स्वार (रामपुर)। आवास बनाने के लिए दुकानदार से 16 क्विंटल सरिया खरीद कर दूसरे दुकानदार को बेचकर पैसा हड़प लिया। मामले कि जानकारी मिलने पर पीड़ित दुकानदार ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला चक स्वार निवासी रजी अहमद की बाजपुर मार्ग स्थित सड़क के मझरा में सरिया बेचने की दुकान है। दुकानदार का आरोप है कि शुक्रवार की दोपहर दो बजे उत्तराखंड काशीपुर निकट सरवर खेड़ा निवासी मोहम्मद अहमद व इसरार दुकान पर आये और 16 क्विंटल सरिया खरीद कर कोतवाली क्षेत्र के गांव खौदकला में घर जाकर सरिये के पैसे देने का वादा किया। दुकानदार का मजदूर ठेली में सरिया भरकर चला गया। गांव में सरिया उतारने के बाद जब मजदूर ने 90 हजार रुपये मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। मजदूर ने दुकानदार को फोन से पूरी जानकारी दी कि इन लोगों ने कम कीमत पर सरिया दूसरे दुकानदार को बेच दिया। यह बात सुनकर दुकानदार सन्न रह गया। उसने गांव जाकर आरोपी मोहम्मद उमर को दबोच लिया और खींचकर कोतवाली ले आया। इस बीच जबकि दूसरा आरोपी फरार हो चूका था। दुकानदार रजी अहमद की ओर से दो लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।